Tuesday, July 29, 2008

एक आवाज़ ही तो दब गयी..



वायस ऑफ़ इंडिया 2007 के विजेता इश्मीत सिंह की स्वीमिंग पूल में डूबकर मौत।


यही सब कुछ चल रहा था बाकि न्यूज़ चैनल्स पर, ज्योंहि मैंने इस ख़बर को देखा मानो कुछ जम सा गया. मुझे कुछ समझ में ही नहीं आ रहा था की क्या ये वही इश्मीत है या कोई और, यकीन नहीं हो पा रहा था की ये वही इश्मीत है जिसकी आवाज़ टीवी चैनलों पर गूंजा करती थी. मुझे सचमुच कुछ नहीं समझ में आ रहा था. मैं कुछ पलों का लिए बिल्कुल सुन्न हो गया. साँस लेने में तकलीफ महसूस होने लगी, मैंने कुछ लम्बी साँसे खीची. इसके बाद कुछ ठीक लगा. सभी चैनलों पर ये ख़बर गूँज रही थी. मैंने सोचा अपने चैनल में भी चलना चाहिए, लेकिन एक शंका थी की यार अपना चैनल तो बिज़नस चैनल है ये ख़बर हमारे किस काम की. लेकिन मुझसे रहा नहीं गया, थोड़ी देर बाद मैंने अपने बॉस से जाकर पूछा " सर, इश्मीत वाली ख़बर फ्लैश कर दूँ?" सर को देखकर ऐसा लगा की चाहते तो वो भी हैं लेकिन कहीं कुछ अटक सा जा रहा है. अंततः सर ने कहा," फ्लैश नहीं, टिकर में डाल दो" मैंने सोचा चलो पट्टी में ही सही इश्मीत को जगह तो मिल जायेगी अपने चैनल पर. मैं आकर अभी टाइप कर ही रहा था की पीछे से आवाज़ आयी, " अभिषेक, रहने दो"

शायद किसी ने सोचा होगा की इसमे किसीके मुनाफे और घाटे से जुडी कोई चीज तो है नहीं. सही बात है किसीका क्या गया. गया तो सिर्फ़ इश्मीत. सेंसेक्स ऊपर नीचे होता तो कोई बात होती, यहाँ तो एक गायक मरा था जिसके स्वर ऊपर नीचे होकर लाखों लोगों के दिलों के तार को झंकृत कर देते थे. थोड़ी सी संवेदना ही तो पिघली थी. एक साँस ही तो घुट गयी होगी. एक आवाज़ ही तो दब गयी..

Monday, July 28, 2008

बारिश का एहसास घुटने से ऊपर तक


मुंबई की बारिश के बारे में तो मैंने बहुत सुना था लेकिन आज मैंने महसूस भी कर लिया, घुटने से ऊपर तक। इससे ज्यादा पानी में चलकर मैं स्टेशन पंहुचा। बहुत चैलेंजिंग लगा। मजा भी क्रिकेट से कम नहीं आया। इसलिए सोचा की क्यूँ न अपने इस अनुभव को मैं लिखूं...

फिलहाल मुबई में ही रह रहा हूँ, एक अच्छे न्यूज़ चैनल को कुछ हफ्ते पहले ही ज्वाइन किया है. ज्वाइन करने के बाद अभी अपनी बुआ के यहाँ ही रहे रहा हूँ. वैसे तो ये मेरी नहीं बल्कि मेरे बाबूजी की बुआ हैं लेकिन मुझे कभी कोई फर्क लगा ही नही. रात को सोते वक्त ये सोच कर सोता हूँ की सुबह जल्दी जग जाऊँगा और बुआ की कुछ मदद कर दूंगा. बुआ लगभग बुढापे की और बढ़ चलीं हैं, अगर हमे खाने को ४ रोटियां मिल जाती हैं तो वो भी बहुत बड़ी बात है. ये सुनने में बहुत ही अजीब लगता है की कुछ लोग जो बुआ के यहाँ एक अरसा गुजर कर जाते हैं बाद में बुआ की बुराई भी करते है. पीठ पीछे . क्यूंकि सामने तो किसी की भी हिम्मत नहीं होगी. आख़िर जो कुछ भी बुआ से मिलता है वो प्लस में ही होता है. लेकिन लोगों की फितरत होती है. बहरहाल कल रात को भी यही सोचकर बिस्तर पर गया की सुबह जल्दी जागना है. लेकिन बकर में २ घंटे निकल गए. रात को ठंढ लगने से रुक-रुक कर नीद आती रही. सुबह जब जगा तो ग्यारह बज रहे थे. बहुत आत्मग्लानि हुई. फूफाजी ऑफिस जा चुके थे. मैंने बिस्तर मोड़ कर रखा, फ़िर खिड़की से बाहर झांकते ही मेरा मन हिलोरे मारने लगा. पता नहीं बारिश होते देखकर इतनी खुशी क्यों होती है. बारिश से जुडी बचपन की कई यादें बाइस्कोप की रील की तरह आंखों के सामने की तरह गुजर जाती है. सब कुछ हरा भरा सा लगने लगता है. बहरहाल ऑफिस तो जाना ही था चाहे बारिश हो या तूफ़ान. बारिश को झांकते निहारते दो घंटे यूँ ही निकल गए. ये जानते हुए की बारिश में बाहर जाना कितना कष्टप्रद होगा मैं खुश हो रहा था, एक बजे मैं घर से निकल गया, रोज इसी वक्त निकलना पड़ता है. अजय भइया का छाता लिया और आ गया नीचे. रोड पर गया तो बारिश झमाझम. छाते के वश की बात नहीं थी. वैसे ऑटो जल्दी ही मिल गया, अन्यथा कई बार इस बारिश के आगे वो भी हथियार डाल देते हैं. मैंने सोचा चलो अब तो टाइम से ऑफिस पहुच ही जाऊंगा. हालाँकि बारिश की बौछार से मैं ऑटोरिक्शा के अन्दर भी नहीं बच पाया, किनारे से भीग ही गया था. रोड पर हर तरफ़ पानी ही पानी था. इस में भी दूसरे गाडी वालों को भी खुमारी छाई हुई थी. किनारे से गुजरते वक्त वो भी पानी बरसाने से बाज नहीं आते थे..छर्र से बड़ी बड़ी बूंदे शरीर पर. आधा रास्ता तो किसी तरह कट गया. मुझे भी लगा की आधी बाजी तो अपनी हो गई, मुंबई के ध्रुवसत्य जाम में भी नहीं फंसा. लेकिन आगे का नजारा देखकर तो मैं कांप ही गया. सड़क पर लोग घुटने तक पानी में जा रहे थे. ऑटो वाले ने कुछ दूर तक साहस दिखाया लेकिन फ़िर उसने भी हथियार डाल दिया. हलाँकि मैं उससे उसी पानी में जाने को कहता रहा, सड़क पर पानी देखकर तो ये ही लग रहा था की इसमे जाना लगभग नामुमकिन है. ऑटोवाले ने ये कहकर पीछा छुडाया की अब तो स्टेशन नजदीक ही है. मुझे पता था की ये झूठ बोल रहा है क्यूँकी वहां से अब भी स्टेशन करीब आधे किलोमीटर से जयादा दूर था. लेकिन मैंने ग्यारह रुपये निकालकर उसे दिया और उसे जाने दिया. अब मैंने छाता खोला, पैंट ऊपर चढाया और चल दिया. शर्म इसलिए नहीं आ रही क्योंकि लगभग सभी लोग पैदल ही जा रहे थे. गाडी वालों की तो बुरी हालत थी. मोटरसाईकिल वाले तो ठेल कर ले जा रहे थे. शुरू में तो पानी एक फ़ुट तक रहा होगा, लेकिन आगे जाने पर तो हद ही हो गयी. पानी घुटने भर से जयादा था. मन ने कहा की भाई घर लौट जाओ. लेकिन मैं ऑफिस चाहता थ. मैंने पैंट थोड़ा और ऊपर किया और चल पड़ा. मेरे पास छाता होने के बावजूद मैं आधे से ज्यादा भीग गया. मैं चलता रहा इसी बीच जो पैंट मैंने मोडा था वो खुल के पानी में हो गया, पानी के हिलोरों से वो बिल्कुल पानी में डूब गया. अब फ़िर से मैंने सोचा की ऑफिस में सर को फ़ोन करके बोल दूँ की आज ऑफिस नहीं आऊंगा. ये सोच रहा था और चला जा रहा था. कुछ लोग तो जांघ तक पानी में थे. मैंने तय किया कुछ भी हो ऑफिस तो जा के रहूँगा. कुछ देर तक तो भीगने की वजह से मन ख़राब हो रहा था. लेकिन बाद में मुझे आनंद आने लगा. मुझे इसकी चिंता भी नहीं रही की ऑफिस कितनी देर से पहुचुंगा. मैं आराम से चल रहा था. मेरे कपड़े पूरी तरह भीग गए थे. मुझे इस बात का भी पूरी तरह एहसास हो गया की छब्बीस जुलाई का क्या मंजर रहा होगा. अगर किसीने मुबई की बारिश को झेला नहीं है तो वो इसे नहीं समझ नहीं सकता. मैं जब गाँव में रहता था तो भी इतने ज्यादा पानी में चलकर इतनी दूर नहीं गया. कुछ लोग तो इतने पानी में गंगाजी में नहाने से कतराते हैं. किसी तरह स्टेशन पहुँचा. पैंट भीगकर भारी हो गया था इसलिए चलने में भी मुश्किल हो रहा था. किसी तरह स्टेशन पहुँचा, कूपन वैलिडेट किया और जाकर चर्च गेट की गाडी में बैठ गया. देर की फिक्र बिल्कुल नहीं हो रही थी. पैर बुरी तरह दर्द कर रहे थे. बारिश की वजह से गाडी भी रुक रुक कर चल रही थी. जब ऑफिस पहुंचा तो ३ बज रहे थे, किसी ने पूछा नहीं की देर क्यों हुई, उस दिन मुझे अकेले ही मोर्चा संभालना था. मैं जाकर अपने काम में जुट गया भीगे कपडों में ही..रात तक कपड़े तो सूख गए. लेकिन यादें बारिश की यादें कभी नहीं सूखेंगी. भीग जाने और थक जाने के बावजूद मजा आ गया था.

Saturday, July 12, 2008

A, B और C ग्रेड क्रिकेट

वन डे क्रिकेट के भविष्य पर एक प्रश्नवाचक चिह्न लग गया है. क्रिकेटीय गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है की अब तक क्रिकेट के लघु संस्करण कहे जाने वाले इस स्वरुप में ओवरों की संख्या घटाकर 40 कर दिया जाय. लोगों को अचानक एकदिवसीय क्रिकेट बड़ा और झेलाऊं लगने लगा है. ज्यादातर लोगों ने इस बात की हामी भर दी है की अगर क्रिकेट के इस फॉर्म को जिन्दा रखना है तो इसके फोर्मेट में बदलाव किया जाना बहुत ज़रूरी है. मगर ध्यान देने वाली बात ये है जो भी लोग ओवर्स को कम करने की हिमायती कर रहे हैं उनमे से ज्यादातर का क्रिकेट से कोई लेना-देना नहीं है. उनको सिर्फ़ मजा से मतलब है. बाकी इससे क्रिकेट का सत्यानाश हो इससे उन्हें कोई मतलब नहीं है.
ट्वेंटी -ट्वेंटी में मज़ा, भरपूर पैसा के बावजूद क्रिकेट खिलाड़ियों ने तो अभी तक इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है. यहीं नहीं कंगारू टीम के कप्तान रिक्की पोंटिंग ने तो कई बार अपनी भड़ास ट्वेंटी-ट्वेंटी पर निकली है. सचिन तेंदुलकर ने भले ही आईपीएल में शिरकत करने के लिए भरी भरकम पैसा लिया हो लेकिन बात जब क्रिकेट के किसी एक संस्करण को चुनने की आती है तो वो हमेशा टेस्ट क्रिकेट के लिए हामी भरते है. अगर भारत के पिछले कुछ मैचों को देखा जाए तो उससे यही लगता है कि सचिन ने तो अब ट्वेंटी-ट्वेंटी के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में न खेलने का फ़ैसला लगभग ले ही लिया है.
जहाँ तक ओवेर्स को कम करने की बात है तो उससे मुझे नहीं लगता की ऐसा करके भी ICC दर्शकों की इच्छाओं की पूर्ति करने में कामयाब हो पायेगी. बात वहीँ की वहीँ रह जाएगी चाहे मैच चालीस ओवेर्स का हो या पचास ओवेर्स का क्यूंकि खासतौर से जिन लोगों को क्रिकेट के इस दनादन स्वरुप (20-20) ने दीवाना बनाया है, उन्हें न तो क्रिकेट की बुनियादी समझ है न ही उससे कोई सरोकार है. उनको मतलब है तो बस लगने वाले चौकों और छक्कों से. जाहिर सी बात है ये चौके छक्के किसी को भी अपनी रोमांच की गिरफ्त में लेने के लिए काफी हैं. कुछ लोगों की दलील ये है की जब लोग देखना ही नहीं चाहते तो आख़िर उन्हें दिन भर क्यूँ दिखाया जाय. ये बात कुछ हद तक जायज हो सकता है. लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है की किसी व्यक्ति या समुदाय की पसंद नापसंद की खातिर किसी खेल के बुनियादी ढांचे में इतना बड़ा बदलाव बदलाव करना कहाँ तक जायज है? अगर वाकई लोगों के पसंद और नापसंद का इतना ही ख्याल रखा जाता है तो मेरे समझ से नब्बे फीसदी से भी अधिक लोग इस बात के लिए तैयार हो जायेंगे की टेस्ट क्रिकेट को बंद कर दिया जाय. क्योंकि एकदिवसीय क्रिकेट की दशा तो फ़िर भी ठीक है, लेकिन टेस्ट मैच के लिए दर्शक जुटाने में आयोजकों को पसीने छूट जाते हैं. लेकिन 1878 से चल रहे इस संस्करण के कायदे-कानून को लेकर किसी ने अब तक बड़ी मुहीम छेड़ने की कवायद नहीं की. दिन की संख्या अब भी पाँच है. इसको कम करने के नाम पर कभी-कभार हल्की खुसुर-फुसुर के अलावा कुछ खास नहीं किया गया. आख़िर क्यूँ? वजह बिल्कुल साफ़ है की लोगों ने क्रिकेट के इस स्वरुप को स्वीकार कर लिया है. इसलिए इसमे लोगों को बदलाव की न तो गुंजाईश लगती है न ही कोई बहुत बड़ी ज़रूरत महसूस होती है.
एक और बात बहुत ही ज़रूरी है की किसी भी खेल की रूपरेखा उस खेल से जुड़े खिलाड़ियों को करना चाहिए या इसका फ़ैसला उन लोगों पर छोड़ देना चाहिए जिनके लिए खेल खेल नहीं बल्कि मनोरंजन का एक जरिया भर है. या इसका फ़ैसला सिर्फ़ बाज़ार पर छोड़ देना चाहिए जो हर चीज को अपनी बनाई पटरी पर चलाना चाहता है चाहे वो खेल हो, सोच हो, या संवेदनाएं. अगर ख़ुद खिलाडी सामने आकर कुछ आवाज़ उठाते तो बात कुछ और थी. उसके कुछ मायने भी होते. लेकिन सिर्फ़ देख्नने वालों के लिए खेल को सिर्फ़ मनोरंजन की चासनी में डुबोकर परोसना कहाँ तक तर्कसंगत है. और हां अगर मान लिया जाय की इस बदलाव से वन डे क्रिकेट के वजूद पर कोई संकट नहीं आएगा तो इसकी गारंटी क्या है? क्या ये सम्भव नहीं है की अगले कुछ दिनों/ महीनों में लोगों को इसका स्वाद फ़िर से फीका लगने लगेगा. फ़िर क्या होगा? क्या फ़िर ICC ओवेरों में कटौती करेगा? सवाल कुछ पेचीदा है, लेकिन इस पर मंथन की भी ज़रूरत है. क्यूंकि तब फ़िर इस बात पर सोचने की ज़रूरत होगी की खेल को खेल ही रहने दिया जाय या फ़िर इसे बाज़ार के मजबूत खूंटे से बाँध दिया जाय. बाज़ार तब तक और तगड़ा हो जाएगा और ये भी सम्भव है कि उसे काबू में करने के लिए क्रिकेट की ही बलि चढाना पड़े. इस लिए आज ज़रूरत इस बात की है पहले से ही बाज़ार के घुसपैठ की सीमारेखा तय कर दी जाय. या फ़िर क्रिकेट में भी फिल्मों की तरह ग्रेडिंग सिस्टम लागू कर दिया जाय A, B और C ग्रेड क्रिकेट. वैसे भी खिलाड़ियों को पहले से ही ग्रेडिंग की आदत पड़ ही चुकी है.

Monday, June 30, 2008

अपने धोनी भइया थक गए हैं

अपने धोनी भइया थक गए हैं। कह रहे हैं की अब उनसे इतना ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला जाता। यही नहीं अपनी बात को सही साबित करने के लिए ये साथी खिलाड़ियों का हवाला देना भी नहीं भूलते हैं। अरे भाई ये तो कोई बात नहीं हुई। आई पी एल खेलते वक्त तो आपने एक बार भी नहीं कहा की हम थक गए।क्या मजाल की थकन कभी आसपास भी फटके। पर जब बारी देश के लिए खेलने की आई तो पाँव थक कर चूर हो गए। ये तो अच्छी बात नहीं हैं न धोनी भइया। आख़िर जब इतनी ही थकान हो रही थी तो क्या ज़रूरत थी दनादन क्रिकेट की मदमस्त कर देने वाले माहौल में इतने लंबे काश लगाने की। आराम से घर पर बैठे होते, और अगर आपका स्वीमिंग पूल तैयार हो गया हो तो उसमे नहा लिए होते। लेकिन नहीं भाई , ये सम्भव भी तो नहीं था आख़िर छे करोड़ रुपये कहाँ कम होते हैं। एक तो आपने सबसे ज्यादा रुपये भी जुटाए अब थकन का रोना भी रो रहे हैं। आख़िर आपने एक सीधा सादा मुहावरा तो सुना ही होगा..'कुछ पाने के लिए कुछ खोना पड़ता है'..और आपने कुछ कहाँ बहुत पाया, सबसे अधिक। फ़िर भी ऐसी बातें..छी.,छी आपको ये बिल्कुल शोभा नहीं देतीं। और हाँ एक बात और आप तो शुरुआत में रोज ३ लीटर दूध पी जाया करते थे। क्यूँ अब नहीं PEETAAAअब तो आपके पास इतना अकूत है की आप दुनिया के किसी भी भैंस का दूध पी सकते हैं। जो मन वो कर सकते हैं, अगर थोड़ी बहुत थकन होती ही है तो भी आप जैसे बहादुर पुरूष को ये बात शोभा नहीं देती। आप ही ऐसे हिम्मत हार जायेंगे तो बाकियों का क्या होगा!! तनिक उनका भी तो ख्याल करिए , आख़िर आप सेनापति जो ठहरे। और ऐसा भी नहीं है की आप हार का ठीकरा ज्यादा क्रिकेट पर फोड़ रहे हों, आप तो लगातार जीत रहे हैं। फिर भी ऐसी बातें!!
इससे तो यही लगेगा न आपको अभी मजा नहीं आ रहा है, ज़ाहिर सी बात है सिर्फ़ देश के लिए खेलकर ४४ दिन में ६ करोड़ रूपए तो मिलेंगे नहीं, न ही उतना मजा मिलेगा , थोड़ी बोरियत तो होगी ही।

Saturday, June 7, 2008

नौकरी खोजता रहा और आईपीएल देखता रहा

ब्लॉग पर लिखे हुए बहुत दिन हो गया था। मैं ऐसा नहीं कहूँगा की वक्त की कमी थी बल्कि सीधे शब्दों में कहें तो कुछ सूझ ही नहीं रहा था। एक तरफ़ नौकरी खोजने की कवायद तो दूसरी तरफ़ धूम मचाता दनादन क्रिकेट आईपीएल .नौकरी खोजता रहा और आईपीएल देखता रहा है. नौकरी की ज़ंग तो मैंने जीत ली और क्रिकेट की राजस्थान रोयाल्स ने। इस बीच वाकई कुछ लिखने को याद नही रहा लेकिन ऐसा नहीं था मेरे अन्दर कुछ चल नहीं रहा था। इस बीछ मैंने कई सारे बदलावों को महसूस किया जिनसे मैं इत्तेफाक नहीं रखता था। मसलन आईपीएल का हिट ही नहीं बल्कि सुपर हिट हो जाना। कुछ ऐसे चेहरों का अचानक चमक जाना जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं था शायद उन्होंने भी नहीं जिन्हें क्रिकेट के इस रूप ने सब कुछ दिया, पैसा, शोहरत, नाम , पहचान, और platform . एक शक भी डूब गया की ..यार इस लीग क्रिकेट का होगा क्या इंडिया में। सारी गलतफहमियां मैच से दूर हो गयीं। शायद बहुत से लोगों को नहीं पता final के साथ-साथ किला फतह करने वाली राजस्थान की टीम में एक भी प्लेयर राजस्थान की मिटटी का नहीं था.... लीग चल निकला ...

Thursday, February 14, 2008

यार! इशांत ने तुम्हारी बात दिल पे ले लिया....

ज़िंदगी की दौड़ बहुत ही अजीब होती है... स्पीड की गारंटी कोई नही दे सकता है॥ रफ़्तार कब तेज और कब मद्धम हो जाय कोई नही बता सकता है... दो तीन महीने पहले मैं जामिया यूनिवर्सिटी गया हुआ था...एक बहुत ही खास मित्र रहता है.. कैम्पस में तफरीह कर रहे थे... भूख लगी फ़िर हम लोग कैंटीन की तरह मुड गए....कैंटीन से जामिया का ग्राउंड बिल्कुल सटा हुआ है...हमने देखा की ग्राउंड में कोई क्रिकेट मैच चल रहा था... बाउंड्री लाइन के नजदीक कुछ लोग बैठकर मैच का आनंद ले रहे थे... दूर से जो कुछ दिख पा रहा था उससे यही लगा की मैच क्लब लेवल का है । पविलियन की तरफ़ भीड़ कुछ ज़्यादा ही थी. और स्कोर बोर्ड पर भी एक आदमी तैनात था.... हम लोग भी अपनी क्रिकेट के लिए दीवानगी को दबा नही सके और चल पड़े क्रिकेट ग्राउंड के पास.. कुछ देर तक हम घेरे के पास खड़े होकर ही मैच देखते रहे... लेकिन दिल नही माना और हम लोग रेलिंग के भीतर बाउंड्रीलाइन के पास जाका बैठ गए... रेलिंग के बाहर ड़ी ड़ी न्यूज़ की गाडी देखर इतना समझ में आ गया की मैच है तो क्लब लेवल का ही लेकिन इसमे ज़रूर ही कुछेक नामचीन खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं . हम लोग भी जाकर बाउंड्री लाइन के पास बैठ गए. वहाँ से कुछ ही दूरी पर एक लंबा सा खिलाडी फील्डिंग कर रहा था. शक हुआ की कहीं ये इशांत शर्मा तो नही. कुछ देर तक मैंने रवि से भी इस बारे में नही पूछा लेकिन जब मेरा शक यकीं में बदल गया मैंने रवि से पूछ और रवि ने भी कहाँ अरे हाँ ये तो वही है. हमारी उत्कंठा और बढ़ गयी. मैंने रवि से चुटकी ली "यार बढ़िया मौका है ले लो ऑटोग्राफ". रवि ने भी तुरंत पूछा फ़िर से टीम में आयेगा क्या?? मैं चुप रहा क्योंकि पिछले मौके को भुनाने में दिल्ली का ये छोरा पूरी तरह नाकाम रहा था...उस वक्त न तो गेंदों में वो रफ़्तार ही थी न ही खतरनाक स्विंग. फ़िर कुछ देर तक हम इस बात का इंतज़ार करते रहे की अब इशांत बोलिंग करने आएगा. लेकिन ऐसा नही हुआ. इशांत को बोलिंग करते हुए देखने की तमन्ना थी इसलिए हम डटे रहे लेकिन जब सब्र का बाढ़ टूट गया तो हम सरकते हुए स्कोरर के पास पहुँच गए....ये जानकर बहुत ही सुकून हुआ की उसके दो ओवर अभी बाकी थे... मैच ४०-४० ओवरों का था और तब तक इशांत ने ६ ओवरों में कुल १८ रन दिए थे. कुछ देर में ही इशानत को बाल पकडा दी गयी. इशांत की गेंदों की रफ्तार देखकर हम दंग रह गए.. वाकई कुछ ख़ास था उसमें... देखकर लग गया.. बन्दे में दम तो है भाई.. इशांत की टीम वो मुकाबला जीत गयी. अब जब भी इशांत को बोलिंग करते हुए देखता हूँ तो लम्हा ज़रूर याद आता है. रवि मिलता है तो उससे चुटकी लेना नहीं भूलता हूँ.." यार रवि! लगता है इशांत ने तुम्हारी बात सुन ली और दिल पे ले लिया" इशांत की गेंदों की रफ़्तार में भी गज़ब इजाफा हुआ है और उसकी ज़िंदगी में भी..... इससे खास क्या होगा की ख़ुद श्रीनाथ ने उसे दुनिया का सबसे खतरनाक गेंदबाज करार दे दिया.

Sunday, January 20, 2008

श्रीसंत के जलवे

एस श्रीसंत .... हमेशा चर्चा में रहते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता की वो मैदान में हैं या मैदान से बाहर। हर वक़्त.... हर जगह... अपने कारनामो से लोगों को लुभाने का कम करते रहते हैं। अब श्रीसंथ की अदाए हैं ही ऐसी की लोग झूमने को मजबूर हो जाते हैं...आंद्रे नेल को छक्का मारने के बाद बैट के साथ भांगडा करना हो , विकेट लेने के बाद जमीन को चूमना हो ... सब कुछ लोगों को खूब पसंद आता है.... और तो और शाहरूख खान के डान्स ट्रैक पर खुद शाहरूख को ही जोरदार टक्कर देना...इसे लोग भला कैसे भूल सकते हैं! जी हाँ! यही वो सारी बातें है जो साबित करती हैं की ज़रूर कुछ अलग है रफ़्तार के इस सौदागर में। वाकई! मैदान के अन्दर जितनी जहरीली उनकी गेंदे होती हैं उतनी ही दिलकश होती हैं उनकी अदाएँ। और मैदान के बाहर उन्के जलवों के क्या कहने..... सभी कायल हैं॥लड़कियां तो जैसे हमेशा यही कहती हैं "तुझपे दिल कुर्बान" । टीम इंडिया का कुंवारा न.१ फिर तैयार हैं कारनामा करने को..आस्ट्रेलिया में होने वाली ट्राएंगुलर सीरीज़ में और श्रीलंकाई शेरों के छक्के छुडाने को। और इस बार ये नौजवान चर्चा में आया है अपने हाँथ पर बनवाए एक टैटू की वजह से... आप सोच रहे होंगे की आख़िर ये टैटू है किस चीज का! हम बताते हैं आपको.... ये टैटू है एक बिच्छू का... जी हाँ बिच्छू का... क्यों हैं न मजेदार... शायद इसके जरिये श्रीसंत ये बता देना चाहते है की विरोधियों !!!हो जाओ तैयार... कस लो अपनी-अपनी कमर। मैं आ रहा हूँ... मेरी गेंदें उतनी ही जानलेवा होंगी जितना बिच्छू का डंक..

Thursday, December 13, 2007

बीसीसीआई के दामाद वीरु !


- अभिषेक सत्य व्रतम्



क्या टीम इंडिया में प्रवेश पाने के लिए प्रदर्शन कोई मायने रखता है ?? जवाब तो हमेशा हाँ होना चहिये। वैसे ये सवाल कुछ अज़ीब भी है॥ कुछ लोग तो ये भी कह सकते हैं की "अबे इडियट हो क्या??? ये क्या बेवकूफों वाले सवाल करते रहते हो।" हाँ, ये सवाल तो वाकई मूर्खों वाला होता अगर टीम इंडिया में सेंधमारी की कोई गुंजाइश नहीं रहती तो। एक बात और ये कि चयन करते वक़्त चयनकर्ताओं का ध्यान किस बात पर होना चाहिए? हालिया प्रदर्शन पर या भूतकाल में लगाये गये किसी दोहरे या तिहरे शतक की ओर ?? अगर प्रदर्शन का वाकई कोई मतलब होता तो शायद विरेन्दर सेहवाग का अभी टीम में आना मुश्किल ही नहीं असम्भव भी था।
वीरु को टीम में घुसेड़ने के पीछे दलील ये दी गई कि गौतम गम्भीर को चोट लगने की वजह से वीरू को मौका मिल गया। वाह भाई वाह!! इससे तो यही लगता है कि जिस काम के लिये गम्भीर को टीम में लिया गया होता, वह केवल और केवल वीरू को ही पता है। भाई ये तो पता ही है कि वीरू दिल्ली के कप्तान हैं और चूंकि गम्भीर भी दिल्ली की ही नुमाइन्दगी करते हैं इसलिए कुछ खुफिया बातें या कुछ खास नुस्खे वीरू ने गम्भीर को बताए होंगे। हमारे चयनकर्ताओं ने शायद यही बात सोची होगी... क्यों वेंगसरकर साहब!! सही कहा न मैंने!!
लेकिन आप लोगों ने आकाश चोपड़ा का नाम तो सुना ही होगा.. अरे वो भी दिल्ली का ही है और इस सीजन में तो उसने जमकर रन भी बटोरे हैं। हो सकता है याद न आया हो। आखिर कितने ढ़ेर सारे काम रहते हैं आप लोगों के जिम्मे। कॉलम लिखने से लेकर ना जाने क्या-क्या!! है कि नहीं? पर इतना तो याद रखना ही चहिये कि आकाश भी दिल्ली के ही हैं। और ओपनिंग भी करते हैं... रन भी कुछ कम नहीं बनाए हैं उन्होंने... आंकड़े गिनाने का क्या फायदा!! बस्स! इतनी जानकारी काफी है कि हाल में खेले गए जिन घरेलू मैचों में वीरु फ्लाप हो गये थे जबकि साथ खेलते हुए आकाश ने एक शतक और एक दोहरा शतक था।
आकाश भी माथा पीट रहे होंगे कि काश उन्होंने भी अगर चार-पांच साल पहले कोई जोरदार पारी खेली होती तो आज उनको ये दिन नहीं देखना पड़ता। अब भई वीरू की पारिया हैं ही इतनी लाजवाब कि तुरंत याद आ जाती हैं। भले ही अभी उनका बल्ला एक अर्धशतक का भी मोहताज हो.... और तो और उनका 309 का पहाड़ "दीवार" के शशि कपूर की "मां" से किसी भी मामले मे कमतर थोड़े ही है। तभी तो 24 सम्भावितों कि सूची में नाम ना होने के बावजूद सीधे टीम में अचानक पैदाइश हो गई। हो सकता है सहवाग का नाम सम्भावितों की सूची में इसलिए नहीं दिया गया हो कि लोग सेलेक्शन कमेटी के खिलाफ आग ना उगलने लगे... आखिर पर्फार्मेंस के दम पर तो उनकी जगह तो सम्भावितों की लिस्ट में भी नहीं होनी चहिए थी। वीरू का बल्ला तो ऐसा खामोश है कि बोलने का नाम ही नहीं ले रहा है। वैसे भी फिक्र करने की क्या बात है जब ऐसे ही...।
देश मे कई ऐसे जाबांज है जिनका बल्ला लगातार गरज रहा है, लेकिन वे लगातार नज़रअन्दाज़ कर दिए जाते हैं... क्योंकि उनके पास न तो "309" ही है, न ही "309" जैसी पहुंच वाले लोग. है तो बस अकूत काबिलियत जिसका बहुत मोल नहीं है। उनको कभी यह कहकर टीम में नहीं लिया जाता है कि टीम में गुंजाइश नहीं थी, तो कभी टीम काम्बीनेशन का रोना रोया जाता है। कभी-कभी तो जानदार प्रदर्शन के बावजूद ओछा बयान आता है कि" अमुक नामों पर विचार नहीं किया गया......." आकाश चोपडा, पार्थीव पटेल, एस बद्रीनाथ, सुरेश रैना ऐसे ही कुछ होनहार प्लेयर्स में से हैं जो पिछ्ले कुछ महीनों से लगातार टीम इंडिया के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं. लेकिन समय बीतने पर उनके अच्छे प्रदर्शनों को वैसे ही कूड़ेदान में डाल दिया जाता है जैसे कि अच्छी सिंकी रोटियों को भी बासी होने के बाद फेंक देते हैं।
वैसे इस बात में कोई शक नहीं है कि वीरू में किसी भी बालिंग अटैक की बधिया उधेड़ने का माद्दा है लेकिन टीम के गठन के वक़्त बीसीसीआई के आकाओं को ये नहीं भूलना चाहिए कि चुनाव का एकमात्र पैमाना प्रदर्शन है। इस प्रकार के दोहरे मानदंडों से नुकसान तो क्रिकेट का ही होगा। कई सालों के बाद जब वसीम जाफर को टीम में लिया गया था तो इस बात की कानाफूसी हुई थी कि जाफर को टीम में जगह इस वजह से मिली क्योंकि जाफर के पिता शरद पवार की गाड़ी चलाते थे.. लेकिन जाफर ने अपने दमखम से अपने आलोचकों का मुंह बन्द कर दिया था। कुल मिलाकर कहना यही चाहता हूं कि वीरु को टीम में लेने के पीछे आखिर कौन है, अब ये सोचना जरुरी हो गया है।

Wednesday, December 5, 2007

आपके चश्मे का नम्बर क्या है???

चश्मे जब पुराने हो जाते हैं तो उनके नम्बर बदल जाते हैं। कुछ लोग शौकिया चश्मा लगाते हैं तो कुछ लोग मजबूरीवश चश्मा लगते हैं, वहीं कुछ लोग चश्मा सिर्फ इसलिए लगाते हैं क्योंकि चश्मे से ही उनकी पहचान होती है और बिना चश्मे के विकलांगता का एहसास होता है... मानसिक विकलांगता .. सामाजिक विकलांगता... उन्हें चश्मे की कोई जरूरत नहीं होती फिर भी वो चश्मा ज़रूर लगाते हैं। अगर उनसे पूछ दे की भाई साहब! आपकी नज़र तो ठीक है फिर आप चश्मा क्यों लगते हैं? तो शायद उनके पास इस सवाल का कोई ज़वाब न हो!!!!! ऐसे लोगों को धुंधला देखने की आदत हो जाती है.साफ दिखाई देने के बावजूद साफ देखने कुछ अटपटा सा लगने लगता है॥ ऐसे बहुत से लोग हैं जो अपना चश्मा अगर उतार कर फेंक दे तो समाजिक बदलाव के प्रति उनका नजरिया बहुत ही सकारात्मक लगेगा। लेकिन चश्मे से पॉवर है भले चश्मा बिना पॉवर का हो॥
हमारे देश में आर्थिक उदारीकरण के दौर को शुरू हुए भले ही १५ साल से ज्यादा न हुआ हो लेकिन सामाजिक उदारीकरण की शुरुआत बहुत पहले हो गयी थी। लेकिन अफ़सोस इस बात का है की हम अब तक उस बदलाव को महसूस नहीं कर पा रहे हैं जो अब तक हो जानी चाहिऐ थी। वजह सिर्फ यही है की समाज बदला , सामाजिक सरोकार बदले , पुरानी परम्पराएं ध्वस्त हो गयी ..लेकिन जो चीज नही बदली वो है सोच..इसके धरातल पर चीजें अभी कमोबेश वैसी ही हैं..कुछ मोहरे बदल गए हैं..तो कुछ नयी चालों का इजाद हुआ है॥ जहाँ दुनिया के और कोनों में नारीवाद आंदोलन और पुरुष वाद आंदोलन चरम पर है वहीं यहाँ कुछ लोग चौघदे के चार रंगो से ही समाज को रंगीन करने में मशगूल हैं... ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र...इन रंगो को मिलाने की जहमत ऐसे लोग कतई नहीं उठाना चाहते जिनके पास पुराने चश्मे अभी भी मौजूद हैं.
आज ज़रूरत है पुराने चश्मों को उतार कर दूर फेंक देने की...ज्यादा दिन तक पुराने चश्मे लगाने से आँखे भी खराब हो जाती है..पता है न आपको!!!

Sunday, October 7, 2007

सतरंगी ख्वाब....

क्यों,
खो जाता हूँ मैं अक्सर-
उन सुनहले सपनो में-
जिन्हे बुना था हमने-
साथ-साथ.

क्यों,
दूर तक चला जता हूँ-
यादों के घने जंगल में
नंगे पाँव-
किसी भी वक़्त।

क्यों,
देता है एहसास -
अपनेपन का,
तुमसे जुदा कुछ भी-
ख़ुशी या गम।

क्यों,
नीद में भी ,
तुम्हारा नाम रेंग जाता है-
मेरे अधरों पर -
अनायास ही।

क्यों,
पोछता रहता हूँ,
अतीत के मटमैले पन्नों को-
हमेशा...... बार-बार-
ना चाहते हुये भी।

क्यों ,
महसूस करता हूँ-
तुम्हारे होंठों से छलके -
हर एक अलफ़ाज़ को ,
गूंजते हुए अपने चारो तरफ...

क्योँ,
भूलना नही चाहता -
वो सभी सतरंगी ख़्वाब-
जिसमे आती हो तुम -
हर दिन मेरी बनके।

क्यों,
करता हूँ मैं-
इंतज़ार तुम्हारा,
जानकर भी की अब
हमारे रास्ते अलग हैं।

क्यों ,
फिर भी कभी- कभी-
मना लेता हूँ खुद को-
कि मुझे तुमसे प्यार नहीं!

harey राम harey राम harey कृष्ण harey ram .......

पहले मैच में ग्राउंड कन्डीशन ठीक ना होने के बावजूद आस्ट्रेलिया ने ३०० से ऊपर का लक्ष्य रखा पर अहो भाग्य हमारे बैटिंग की नौबत ही नही आयी। दूसरा match भारत ने घुटने टेक दिए. तीसरे मैच का हश्र भी कुछ ज्यादा जुदा नही रहा। सधी हुई शुरुआत के बावजूद टीम इंडिया ने ऐसा गोता खाया की पुराने दिनों की याद फिर से ताजा हो गयी। हमारी टीम दोनो मैच हारकर बैक फूट पर है ऐसे में एक सवाल उठना लाजिमी है की आख़िर क्या वजह है की जीतना तो दूर २०० का आंकना भी पार करने में २०-२ओ के इन शेरो को नाकों चने चबाने पडे। हालत तो अर्श से फर्श वाली हो गयी है। देखकर विश्वास नहीं होता की क्या ये वही टीम है जिसके सारे दांव सही पड़ रहे थे , एक से एक चौकाने वाले प्रदर्शन के बाद धोनी के कप्तानी को इतना सराहा गया की पिछले सारे कप्तानों की चमक फीकी हो गयी। धोनी की चमक एकाएक बढ़ गयी। लेकिन धोनी शायद भूल गए हैं की अब उन्हें दनादन ही नहीं बल्कि फ़टाफ़ट क्रिकेट की जिम्मेदारी भी सौंप दी गयी है। जगह बदला , सीरीज बदली, टीम के कुछ खिलाडी भी बदले, लेकिन अगर कुछ नहीं बदला है तो वो है धोनी की कप्तानी का अंदाज़। वो तो अभी उसी में रमे हुये हैं-२० दिन की चाँदनी में।
अब भैया धोनी भी क्या करे!!!! टीम ही ऐसी मिल गयी है । चलाना तो मुश्किल होगा ही । टीम में तीन बुड्ढे भी आ गए हैं.अब खुद से इतने उम्रदराज़ धुरंधरों को आदेश देना भला आसान काम है क्या?? नही ना!! ऊपर से जिस खिलाडी पे अपने धोनी भैया को सबसे ज्यादा भरोसा था वो भी तो टीम में नहीं है ना.(जोगिन्दर शर्मा)..कुछ लोग सारा दोष धोनी को ही दे रहे हैं। ये सही है क्या!!! कुछ तो टीम चुनने वालो के बारे मे भी सोचना चाहिऐ। एक टीम में इतने सारे ओपनर बैट्समैन... बाप रे बाप॥ ले देकर एक ही - ठाक मध्य क्रम का बल्लेबाज बचा है टीम में पर उसकी भी ग्रह दशा कुछ ठीक नहीं है। कप्तानी छोड़ने के बाद गुमसुम सा रहने लगा है। ना बैटिंग अच्छी हो रही है ना फील्डिंग। भाई !!सदमे से उबरने मे कुछ वक़्त तो लगेगा ही। तब तक तो भगवान ही मालिक है ... धोनी क्या-क्या करे। हाँ... बोलिंग ब्रिगेड की बात ना ही करें तो ही बेहतर है... फालतू में वक़्त जाया होगा.... ये किसी के कहने से नहीं सुधर सकते। लगे रहो........... खुमारी उतरने वाली है...

Monday, September 17, 2007

हिन्द का हाल गोविन्द ना जाने

दुनिया में सबसे ज्यादा धुलाई किस बॉलर की होती है? जवाब तो बिल्कुल आसान है भला इसमे भी कोई सोचने वाली बात है...अजित अगरकर ..जी हाँ। आप बिल्कुल सही तुक्का मार रहे थे..बात अगर बीते ज़माने की होती तो आप बिना किसी संकोच के वेंकटेश प्रसाद का नाम ले सकते थे..इनका ख़याल आते ही इनकी गेंदों पर मारे गए कई खौफनाक शोट्स खोपडी में घूम जाते हैं॥ अजित अगरकर अब इनके चेले हैं..जब गुरू ही ऐसे थे तो चेला कैसा होगा ?? अगरकर को इंटरनेशनल क्रिकेट मे आये एक लम्बा वक़्त हो गया लेकिन बोलिंग करने की तमीज इनको अब तक नहीं आयी। रन तो ये तोहफे में देते हैं.मानो अपने घर से लेकर आये हो। इन सबके बावजूद इनको २०-२० की टीम में लिया जाना समझ से बाहर है...इसमे तो पोलाक और शेन bond सरीखे गेंदबाजों का सरेआम क़त्ल हो रह है...फिर हमारे सिकिया पहलवान(अगरकर) की क्या औकात !!!! पहले मैच में तो किसी तरह लाज बच गयी वरना ये अगरकर ही थे जो टीम की लुटिया डुबोने पर तुले थे..दुसरे मैच में तो महोदय ने ये साबित करने में कोई कसार नहीं छोड़ा की ये कितने उम्दा बॉलर हैं। अरे! टीम बनाने वालों..क्यों लेते हो इसको टीम में?????

Tuesday, September 11, 2007

क्रेजी किया रे....

- अभिषेक सत्य व्रतम्

"बस अब त आठे रन चाहत बा, दू गो चौका मार दिहन स त जीत जाई भारत..” भारत- इंग्लैंड के छठवें मुक़ाबले के अन्तिम क्षणों में दादी भी सबके साथ रेडियो की कमेंट्री सुनने में मग्न थीं। मैंने खुद को चिकोटी काटकर ये जानने की कोशिश भी कि कहीं मैं कोई सपना तो नहीं देख रहा। दिल्ली आने से पहले जब भी मैं क्रिकेट मैच देखने बैठता तो जीवन के 74 बसंत देख चुकीं दादी कुछ वक्त तो जैसे तैसे झेल लेतीं लेकिन कुछ देर बाद ही उन्हें कोफ्त होने लगती और वो बोल पड़तीं “ का दिनवा भर मैच देखत रहेले रे..”। पिछले तीन सालों में ये पहला मौका था जब मैं रक्षाबंधन पर घर पे था। और बीते सालों में जो सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला वो क्रिकेट को लेकर घर के लोगों के नजरिए में आया परिवर्तन था।
घर पर सब कुछ लगभग वैसा ही था जैसा कि तीन साल पहले। लेकिन क्रिकेट की दीवानगी को लेकर जिस तरह के बदलाव देखने को मिले, यकीन मानिए भरोसा करना मुश्किल हो रहा था कि ये वही घर है जहां मेरी क्रिकेट की दीवानगी किसी को भी फूटी आंख नहीं सुहाती थी। लेकिन अबकी बार तो पूरा नजारा ही जुदा था।
मुझे अच्छी तरह याद है कि क्रिकेट मैच देखने को लेकर अक्सर मुझे लोगों के ताने सुनने को मिलते रहते थे। विश्वास ही नहीं हो रहा था की क्या ये वही बाबूजी हैं जिन्होंने एक बार क्रिकेट को लेकर मुझे कई थप्पड़ रसीद कर दिए थे। मेरा कसूर सिर्फ इतना था कि एक दोस्त के घर क्रिकेट देखने में कुछ देर हो गयी थी। बस फिर क्या था...।
एक बात और ताज्जुब करने वाली थी की मम्मी को भी अब क्रिकेट से दुराव नहीं रह गया है। पहले घर पे जब मैं कोई क्रिकेट मैच देखता था तो मम्मी चुपके से कह दिया करती थी " बचवा कवनो दूसर चैनल लगा दे " और मेरे ना मानने पर मम्मी किसी दूसरे काम में लग जाया करती थीं। पर इस बार तो सब कुछ जैसे उलट ही गया था, मम्मी और क्रिकेट, क्या बात है। यहाँ तक की मेरी बहने जो मेरे क्रिकेट देखने पे नाक-भौं सिकोड़ा करती थीं, क्रिकेट में खासी दिलचस्पी लेने लगी थीं। धोनी और युवराज सिंह में कौन अच्छा खेलता है ये भी उन्हें पता है। और तो और १० ओवर में ४६ रन कम होते हैं या ज्यादा इसका अंदाजा भी उन्हें अच्छी तरह हो चुका है।
और लोगों की बात तो छोड़ दीजिए...बाबूजी भी क्रिकेट के दीवाने हो गए हैं। बाबूजी का क्रिकेट के प्रति इतना मोह किसी सुखद आश्चर्य से कम नहीं था। ऐसा नहीं है कि इस मैच से पहले मैंने बाबूजी के साथ बैठकर कोई मैच नहीं देखा हो लेकिन उस वक़्त जूनून क्रिकेट को लेकर नहीं था वो तो कुछ और ही था जिसे शब्दों में बाँध पाना मुझे मुश्किल लग रहा है। मुझे अच्छी तरह याद है की १९९९ के विश्व कप में भारत- पाकिस्तान का मैच चल रहा था और बाबूजी अपने एक मित्र के साथ टी वी से चिपके हुये थे। दोनो लोगों को क्रिकेट की जानकारी रत्ती भर नहीं थी, लिहाजा मैच का आंखोदेखा हाल सुनाने की जिम्मेदारी मुझ पर आन पड़ी थी। पहली बार जाना था कि एक एक गेंद के साथ बढ़ता रोमांच उसे भी अपनी चपेट में ले सकता है जिसे इस खेल की कोई जानकारी ही न हो। बहरहाल ये मैच भारत की झोली में आ गया। इसके बाद तो दोनों का उत्साह देखते ही बन रहा था। छोटे से कस्बे में जहां शाम ढ़लते- ढ़लते दुकानें बंद हो जाया करती थीं। रात 11 बजे हलवाई की दुकान खुलवाकर मिठाई लाई गई। लेकिन ऐसा नहीं हुआ कि इस वाकए के बाद क्रिकेट को लेकर मुझ पर लगी बंदिशें कम हो गई हों। तब भी मुझे खेल पेज पढ़ते देख बाबूजी घूरते जैसे मैं कोई गुनाह कर रहा हूं।
लेकिन महज 3 सालों में सब कुछ बदल गया था। माहौल इतना बदला हुआ था कि मैं हतप्रभ रह गया था। आलम ये है कि अब बाबूजी भी कमेंट्री सुनने के लिए रे़डियो से चिपके रहते हैं। यही नहीं बीच बीच में वो क्रिकेट पर अपडेट लेना नहीं भूलते। कुल मिलाकर देश में क्रिकेट को लेकर कायम जूनून लगातार बढ़ता ही जा रहा है इसका अंदाजा लगाना अब मुश्किल नहीं है। ये सब कुछ देखकर हाल ही में लांच हुए एक चैनल की पंचलाइन अनायास ही मेरे कानों में गूंज रही थी " ये देश है हम दीवानों का, हमे हक है एक ऐसे चैनल का जो इस जूनून को दिखाए"।

Saturday, September 8, 2007

जिन्दगी- इलेक्ट्रोनिक डिवाइस कि तरह

जिन्दगी के कैनवास पर
हम कभी- कभी-
यूं ही लगने लगते हैं ,
किसी ऐसे इलेक्ट्रोनिक डिवाइस कि तरह-
जिसे म्यूट कर दिया गया हो।
फंक्शन तो सारे के सारे-
ज्यों के त्यों चलते रहते हैं,
सिर्फ आवाज़ नहीं निकलती-
ना जागने की, ना सोने की,
ना कराहने की, ना मुस्कुराने की-
ना गुदगुदी करने से-
आने वाली हंसी की।
ना ही किसी ख़ुशी से -
बदन में होने वाली सनसनाहट की .....
यहाँ तक कि-
जिंदा रहने की भी नहीं।
फिर भी हम -
चलते रहते हैं,
लुढ़कते रहते हैं......
इस आस में कि -
कोई तो मिलेगा रास्ते में
जो समझेगा हमारे -
कुम्हले - छटपटाते हुए -
एहसासों को -
और..... भंग कर सकेगा हमारी चुप्पी
अपने अच्छे से " रिमोट कण्ट्रोल" से।